देवघर, झारखंड: शहर के पुरणदहा मोहल्ले में एक असामान्य और चर्चा का विषय बना विवाह संपन्न हुआ, जहां एक पति ने अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से कराया। यह घटना न सिर्फ इस क्षेत्र में, बल्कि समाज के पारंपरिक नजरिए को भी चुनौती देती है।
देवघर के शुभंकर रमणी की शादी मीना देवी के साथ लगभग 12 वर्ष पहले हुई थी। इस दंपत्ति के दो बच्चे भी हैं। परंतु, शादी के कुछ वर्षों बाद, उनके रिश्ते में खटास आ गई और मीना देवी का अफेयर देवघर के करो गांव के सिकंदर कुमार यादव से शुरू हो गया।
मीना देवी और सिकंदर कुमार का प्रेम परवान चढ़ा और दीपावली के दिन मीना देवी अपने घर से लड़ाई कर अपने प्रेमी के पास चली गई। इसके बाद, दोनों वापस शुभंकर रमणी के घर पहुंचे और उन्होंने विवाह की इच्छा जताई।
स्थानीय लोगों के बीच हुए हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद, एक पंचायत बैठकर यह निर्णय लिया गया कि मीना देवी का विवाह सिकंदर यादव से कराया जाए। अनोखे इस विवाह में, शुभंकर रमणी ने खुद समाज के सामने दोनों का विवाह संपन्न कराया और मांग में सिंदूर डलवाया।
विवाह संपन्न होने के बाद, कुछ कागजात बनाए गए, जिसमें भविष्य में लड़की को छोड़कर न जाने के प्रावधान थे और दोनों के हस्ताक्षर भी लिए गए, ताकि शुभंकर रमणी को भविष्य में कोई समस्या न हो। दोनों को उनके ससुराल से ही विदाई दी गई। इस विवाह के साक्षी बने वहां के सभी ग्रामीण।
यह घटना न सिर्फ पारिवारिक संबंधों की जटिलता को दर्शाती है, बल्कि समाजिक स्वीकृति और परंपरागत मान्यताओं को भी नया आयाम देती है। इस अनोखे विवाह ने समाज के नजरिये को चुनौती दी है और इसे लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।